दुर्ग। शहर के गया नगर क्षेत्र में पुराने विवाद और बहन को छेड़ने की बात को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। देर रात हुए इस हिंसक हमले में एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल है। मामले में दुर्ग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार घटना 11 मई की रात करीब 10:30 बजे शुरू हुई, जब प्रार्थी पक्ष और आरोपी पक्ष के बीच बहन से छेड़छाड़ की बात को लेकर विवाद हुआ। पुराने विवाद की रंजिश के चलते रात करीब 1 बजे आरोपी पक्ष के आकाश उर्फ अक्कू, बिट्टू सारथी, आर्यन गुप्ता, लकी सारथी सहित अन्य साथियों ने मिलकर हमला कर दिया।
आरोपियों ने लाठी-डंडा, बल्ला, पत्थर, ईंट और धारदार हथियार से हमला करते हुए जितेश उर्फ रितेश ठाकुर (23), राहुल ठाकुर, नवीन ठाकुर और भोला यादव को गंभीर रूप से घायल कर दिया। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जितेश उर्फ रितेश ठाकुर को मृत घोषित कर दिया। वहीं राहुल ठाकुर का इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही थाना दुर्ग पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल कार्रवाई करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मौके से लाठी-डंडा, धारदार हथियार, पत्थर, ईंट और बल्ला भी जब्त किया है।
गिरफ्तार आरोपी, आकाश यादव उर्फ अक्कू, विजय सारथी उर्फ बिट्टू, आर्यन गुप्ता, लकी सारथी, भूपेंद्र सारथी उर्फ बनू, ललित यादव, युवराज सारथी, बलराम उर्फ बाली, नागेश यादव उर्फ नग
पुलिस के अनुसार मामले में हत्या सहित अन्य धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना जारी है। दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी विवाद की स्थिति में कानून हाथ में न लें और तत्काल पुलिस को सूचना दें।
