दुर्ग नगर निगम के साइंस कॉलेज के सामने स्थित 42 MLD फिल्टर प्लांट के ब्लीचिंग पाउडर स्टोर रूम में शनिवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। अचानक आए अंधड़ और आंधी-तूफान के दौरान हुए शॉर्ट सर्किट से स्टोर रूम में भीषण आग लग गई, जिससे करीब 1,000 बैग ब्लीचिंग पाउडर जलकर खाक हो गए। इस घटना के कारण शहर के कई हिस्सों की पेयजल व्यवस्था प्रभावित हुई है।
आधे घंटे में पाया गया काबू
निगम प्रशासन के अनुसार, शनिवार शाम करीब 4:30 बजे अचानक आए अंधड़ के चलते फिल्टर प्लांट के करीब स्थित बिजली के खंभे में शॉर्ट सर्किट हुआ। इसकी चिंगारी ब्लीचिंग पाउडर स्टोर तक पहुंच गई। कर्मचारियों की सूचना पर दमकल विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आधे घंटे के भीतर आग पर काबू पा लिया। इससे स्टोर में रखे अन्य उपकरणों को भारी नुकसान से बचा लिया गया। इस घटना में निगम को 4 से 5 लाख रुपए के नुकसान का अनुमान है।
महापौर और कमिश्नर ने लिया जायजा
घटना की जानकारी मिलते ही महापौर अल्का बाघमार और निगम आयुक्त सुमित अग्रवाल ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने और जल्द से जल्द जलापूर्ति बहाल करने को कहा। साथ ही, उन्होंने स्वयं 42 MLD और 24 MLD प्लांट के सभी मोटर पंपों का अवलोकन कर तकनीकी खामियों को दूर करने के निर्देश दिए।
रविवार शाम तक बहाल होगी सप्लाई
जलकार्य प्रभारी लीना दिनेश देवांगन ने बताया कि लोगों को कम से कम परेशानी हो, इसके लिए अमला युद्ध स्तर पर काम कर रहा है। निगम प्रशासन के अनुसार, आवश्यक तकनीकी सुधार के बाद रविवार शाम तक जलापूर्ति सामान्य हो जाएगी।