छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल (CGBSE) के लाखों परीक्षार्थियों का इंतजार कल खत्म होने जा रहा है। सत्र 2026 की हाईस्कूल (10वीं) और हायर सेकण्डरी (12वीं) की मुख्य परीक्षा के परिणाम कल, 29 अप्रैल 2026 को घोषित किए जाएंगे। स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेंद्र यादव दोपहर 02:30 बजे आधिकारिक रूप से परिणामों की घोषणा करेंगे।
ऑनलाइन पोर्टल पर रिजल्ट
छात्रों की सुविधा के लिए मण्डल ने व्यापक इंतजाम किए हैं। भारी ट्रैफिक से बचने के लिए सरकारी पोर्टल के साथ-साथ निजी समाचार पोर्टल्स पर भी परिणाम उपलब्ध रहेंगे। परीक्षार्थी अपना अनुक्रमांक (Roll Number) दर्ज कर निम्नलिखित वेबसाइटों पर अपना स्कोर देख सकते हैं:
आधिकारिक वेबसाइट: cgbse.nic.in | cg.results.nic.in | results.cg.nic.in
डिजिटल विकल्प: results.digilocker.gov.in
अन्य पोर्टल: TV9 Hindi, NDTV.in, Jagran Josh, Times of India, और Indian Express.
डिजिलॉकर पर भी उपलब्ध होंगे अंकसूची
इस वर्ष माध्यमिक शिक्षा मण्डल ने परिणामों को डिजिटल माध्यमों से जोड़ने पर विशेष जोर दिया है। छात्र न केवल वेबसाइट बल्कि डिजिलॉकर के जरिए भी अपनी डिजिटल अंकसूची तत्काल प्राप्त कर सकेंगे। शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने छात्रों को सलाह दी है कि वे अपना एडमिट कार्ड तैयार रखें ताकि परिणाम घोषित होते ही बिना किसी तकनीकी देरी के अपना रिजल्ट चेक कर सकें।