अंडा। थाना अण्डा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम अण्डा में देर रात आपसी विवाद के चलते हुई झड़प में कटरबाजी की घटना सामने आई है। इस घटना में जनक चंद्राकर समेत कई युवक घायल हो गए, जिनका इलाज जिला अस्पताल दुर्ग में कराया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अपचारी बालक की तलाश जारी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 30 अप्रैल 2026 की रात करीब 12:30 बजे ग्राम अण्डा निवासी जनक चंद्राकर अपने साथियों के साथ मौजूद थे। इसी दौरान ग्राम चिंगरी के खेमराज खुटेल, कुलदीप साहू और अन्य के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट और कटरबाजी में बदल गया। घटना में जनक चंद्राकर व उनके साथी गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को तत्काल जिला अस्पताल दुर्ग में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद कुछ को डिस्चार्ज कर दिया गया है, जबकि जनक चंद्राकर का इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चिंगरी के खेत में छिपे दो आरोपियों को देर रात गिरफ्तार कर लिया। वहीं एक अपचारी बालक की तलाश जारी है।
प्रार्थी गौरव कुमार यादव की रिपोर्ट पर थाना अण्डा में अपराध क्रमांक 45/2026 के तहत धारा 109(1), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
