दुर्ग, 19 अप्रैल 2026। छातागढ़ स्थित शिवनाथ नदी में दो युवकों के डूबने की दर्दनाक घटना सामने आई है। कंट्रोल रूम दुर्ग से सूचना मिलते ही एस.डी.आर.एफ. टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और गहन प्रयासों के बाद दोनों युवकों के शव नदी से बाहर निकाले।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, छातागढ़ शिवनाथ नदी में दो युवकों के डूबने की सूचना मिलते ही जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह के निर्देश पर एसडीआरएफ टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचकर एसडीआरएफ प्रभारी धनीराम यादव, ईश्वर खरे सहित टीम के जवानों ने गहरे पानी में उतरकर डिप डाइविंग के माध्यम से खोजबीन शुरू की।

कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने दोनों युवकों के शव को नदी से बाहर निकालकर पुलिस को सुपुर्द किया। इस पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन में राजकुमार यादव, चंद्रप्रताप, आशीष, थानेश्वर, दिनेश, विनय, महेश, हेमराज, चंदू एवं भानु सहित एसडीआरएफ के जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
मृतकों की पहचान मोहम्मद फैजल (21 वर्ष), पिता मोहम्मद इक़बाल एवं मोहम्मद ईशांत (13 वर्ष), पिता मोहम्मद जाकिर, निवासी कैलाश नगर दुर्ग के रूप में हुई है। घटना से क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।
एसडीआरएफ की तत्परता और साहसिक कार्यवाही के चलते रेस्क्यू ऑपरेशन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, वहीं पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
