Shiv Darshan spiritual fair inaugurated at Anand Sarovar Baghera, Minister Gajendra Yadav lit the lamp
मिर्ची लाल न्यूज़
दुर्ग (छत्तीसगढ़), 11 फरवरी 2026 प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के बघेरा स्थित “आनंद सरोवर” परिसर, दुर्ग में 8 फरवरी से 16 फरवरी तक आयोजित नौ दिवसीय “शिव दर्शन आध्यात्मिक मेला” का शुभारंभ छत्तीसगढ़ शासन के केबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव (स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग, विधि एवं विधायी कार्य) द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

इस अवसर पर विवेक अग्रवाल, ब्रह्माकुमारी रीटा दीदी (संचालिका, ब्रह्माकुमारी दुर्ग) सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान द्वादश ज्योतिर्लिंग व चैतन्य झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।
मेले का समय प्रतिदिन सुबह 6:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक तथा शाम 5:00 बजे से रात्रि 10:00 बजे तक निर्धारित किया गया है। इस वर्ष मेले में विशेष नृत्य नाटिका “नशा नाश का द्वार है – राजयोग सफलता का आधार है” का मंचन भी किया जा रहा है, जो दर्शकों को आध्यात्मिकता एवं सकारात्मक जीवनशैली का संदेश दे रही है।

दुर्ग शहर के बघेरा में स्थित “आनंद सरोवर” परिसर शहर की भीड़-भाड़ और कोलाहल से दूर एक अत्यंत शांत, सुरम्य एवं मनोहारी स्थल है। यहां का आध्यात्मिक वातावरण आगंतुकों को अलौकिक शांति व सुखद अनुभूति प्रदान करता है। परिसर में 2000 से अधिक लोगों के बैठने की क्षमता वाला विशाल “कमला दीदी सभागृह”, मेडिटेशन कक्ष व सभाकक्ष आदि सुव्यवस्थित रूप से निर्मित हैं।
आयोजकों ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से मेले में पहुंचकर आध्यात्मिक लाभ लेने का आग्रह किया है।