The new District BJP team includes 18 members, including six vice presidents and six ministers. Find out who got what.
जिला भाजपा की नई टीम में कर्मठ एवं जुझारू कार्यकर्ताओं को मिली महत्वपूर्ण जवाबदारी
जिला अध्यक्ष सुरेन्द्र कौशिक कार्यकारिणी में गुटीय संतुलन व जाति समन्वय बनाने में रहे सफल
दुर्ग । दुर्ग जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेन्द्र कौशिक ने अंतत: अपनी बहुप्रतिक्षित कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। उन्होने यह कार्यकारिणी प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंहदेव एवं प्रदेश महामंत्री (संगठन) पवन साय की सहमति से घोषित की है। 18 सदस्यीय नई कार्यकारिणी में 6 उपाध्यक्ष, 2 महामंत्री, 6 मंत्री, 1 कोषाध्यक्ष, 1 सह-कोषाध्यक्ष, 1 कार्यालय मंत्री और 1 सह-कार्यालय मंत्री बनाए गए है। कार्यकारिणी में जुझारू एवं कर्मठ नए चेहरों के साथ-साथ अनुभवी पुराने कार्यकर्ताओं को भी पर्याप्त महत्व दिया गया है। कार्यकारिणी की खास बात यह है कि जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेन्द्र कौशिक कार्यकारिणी गठन में गुटीय संतुलन और जाति समन्वय बनाने में सफल रहे है।
जिले की राजनीति में भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुश्री सरोज पांडेय, केबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव, सांसद विजय बघेल, दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर की विशेष पकड़ रखते है। इनके समर्थकों को नई कार्यकारिणी में महत्वपूर्ण पद देकर इन नेताओं को साधने में कहीं कोई कसर नहीं छोड़ी गई है। लिहाजा नई कार्यकारिणी गठन से जिले के दमदार भाजपा नेता तो खुश है ही साथ ही उनके समर्थक व कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। जिला भाजपा की यह नई कार्यकारिणी अध्यक्ष सुरेन्द्र कौशिक के राजनीतिक कुशलता और बेहतर प्रबंधन को भी प्रदर्शित करता है।
जिला भाजपा की घोषित नई कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष शिवेंद्र सिंह परिहार, हर्षा चंद्राकर, सुश्री सरिता मिश्रा, मनोज सोनी, राजीव पांडेय, अशोक राठी, जिला महामंत्री दिलीप साहू ,विनोद अरोरा, मंत्री गिरीश साहू ,शैलेंद्र शेण्डे, श्रीमती गायत्री वर्मा, हिमा साहू, शैलेंद्री मांडवी, नवीन पवार, कोषाध्यक्ष ओमप्रकाश सेन (राकेश), सह-कोषाध्यक्ष ध्रुव सचदेव, कार्यालय मंत्री सैयद आसिफ अली, सह-कार्यालय मंत्री राहुल पंडित बनाए गए है।
भाजपा की नई टीम में ज्यादातर नये चेहरे को काम करने का अवसर मिला है। कार्यकारिणी में विनोद अरोरा एकमात्र ऐसे पदाधिकारी है, जिनका प्रमोशन महामंत्री के रुप में किया गया है। इससे पहले श्री अरोरा जिला भाजपा के कोषाध्यक्ष पद को सुशोभित कर चुके है। भाजपा की जिला कार्यकारिणी में भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुश्री सरोज पांडेय, केबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव, सांसद विजय बघेल, दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर के समर्थकों को पर्याप्त प्रतिनिधत्व का अवसर दिया गया है। जिसमें गजेन्द्र यादव के समर्थक के रुप में शिवेन्द्र परिहार, अशोक राठी व सैय्यद आसिफ अली शामिल है। सरोज के समर्थकों में सरिता मिश्रा, विनोद अरोरा, राजीव पांडे व ओमप्रकाश सेन (राकेश) शामिल है। श्री सेन को मंत्री गजेन्द्र यादव का भी समर्थन हासिल है। विजय बघेल के समर्थकों में शैलेन्द्री मंडावी, हर्षा चंद्राकर को अवसर मिला है। ललित के समर्थकों में मनोज सोनी, गिरेश साहू ,शैलेन्द्र शेण्डे व राहुल पंडित शामिल किए गए है।
जिला अध्यक्ष सुरेन्द्र कौशिक के समर्थकों में दिलीप साहू, गायत्री वर्मा व ध्रुव सचदेव को मौका मिला है। जिला कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष बनाए गए अशोक राठी वर्तमान में चेम्बर ऑफ कामर्स के प्रदेश उपाध्यक्ष है। इसके अलावा वे धार्मिक व सामाजिक संगठनों में भी महत्वपूर्ण जवाबदारी संभाले हुए है। अब श्री राठी भाजपा संगठन में अपने अनुभव का इस्तेमाल करेंगे। इसी तरह कोषाध्यक्ष ओमप्रकाश सेन (राकेश) निगम की पिछली परिषद में विपक्ष के रुप में जनता से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को रोचक ढंग से सामान्य सभा में उठाकर चर्चित रहे है। स्वभाव से सरल व विनम्र होने की वजह से पार्टी के सभी नेताओं का सम्मान करने की वजह से वे लोकप्रिय है। संगठन में इनके अनुभव का भी लाभ देखने को मिलेगा। श्री सेन की पत्नी ममता सेन पचरीपारा वार्ड क्रमांक-28 की पार्षद है।
कार्यकारिणी घोषणा पश्चात जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक ने कहा कि प्रत्येक पदाधिकारी लगातार संगठन के कार्य में सक्रिय रहे हैं। जातिगत समीकरण को आधार मानकर एवं भारतीय जनता पार्टी को सर्वोच्च शिखर की ओर ले जाने के उद्देश्य को लेकर पदाधिकारी की नियुक्ति की गई है। सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को उन्होने बधाई देते हुए कहा कि निश्चित तौर पर उनके संगठनात्मक कार्य के आधार पर भाजपा अपने सर्वोच्च शिखर को प्राप्त करेगी।