On September 19, entry of heavy vehicles is completely banned inside Durg city. Alternate routes and parking places have been decided for buses and vehicles. Special preparations the traffic police.
दुर्ग
दुर्ग जिले में वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने तथा आमजन को सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा विशेष रूट डायवर्सन एवं पार्किंग योजना बनाई गई है। इस दौरान विभिन्न जिलों से आने वाले बसों के लिए निर्धारित स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है, ताकि शहर के भीतर अनावश्यक जाम की स्थिति न बने और नागरिकों को यातायात में किसी प्रकार की असुविधा न हो। विस्तृत व्यवस्था इस प्रकार है—
दुर्ग जिले से लगी सीमाओं से आने वाले बसों एवं यात्री वाहनों की पार्किंग निम्न स्थानों पर की जाएगी:-
• बालोद, अर्जुंदा, डोंगरगढ़, दल्लीराजहरा, धमतरी, राजनांदगांव एवं खैरागढ़ से आने वाली बसों हेतु रक्षित केन्द्र दुर्ग में पार्किंग व्यवस्था एवं बस नंबर के दौरान जीवन प्लाजा के सामने खड़ी होंगी।
• धमधा नाका, बायपास मार्ग से ग्रीन चौक की ओर आने वाले मार्ग से पहुँचने वाली रायपुर, राजनांदगांव, धमधा, कवर्धा एवं बेमेतरा की ओर से आने वाली बसों हेतु ग्रीन चौक (बायपास मार्ग) पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
• पाटन की ओर से आने वाली बसों हेतु समृद्धि बाजार के सामने, हॉकी मैदान में पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
इसके अतिरिक्त, इस अवधि में भारी वाहनों का शहर के भीतर प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। इसके लिए शहर की सीमाओं पर आवश्यक अवरोध एवं पुलिस बल की तैनाती की गई है। इस दौरान किसी भी प्रकार की इमरजेंसी होने पर ई-रिक्शा एवं ऑटो की व्यवस्था की गई है।
यातायात पुलिस द्वारा उक्त व्यवस्थाओं के लिए आवश्यक दिशा–निर्देश जारी किए गए हैं तथा निर्धारित स्थलों पर पुलिस बल तैनात रहेगा। सभी बस चालकों, संचालकों एवं नागरिकों से अपेक्षा की जाती है कि वे उक्त व्यवस्था का पालन कर यातायात पुलिस को सहयोग प्रदान करें।
क्या है खास
छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण की बैठक 19 सितम्बर 2025 को पूर्वान्ह 11 बजे पीडब्ल्यूडी सभा कक्ष दुर्ग में आयोजित की गई है। बैठक की अध्यक्षता विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे। उक्त बैठक में मंत्रीमण्डल के समस्त सदस्य, सभी सांसद, विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, संभाग आयुक्त, पुलिस महानिरीक्षक, विभागीय सचिव एवं सत्रह जिलों के कलेक्टर शामिल होंगे। कलेक्टर अभिजीत सिंह ने उक्त बैठक की सफलतापूर्वक सम्पादन हेतु जिले के अधिकारियों को विभागवार दायित्व सौंपे हैं। आज साइंस कॉलेज के सर्वपल्ली राधाकृष्णन सभागार में कलेक्टर अभिजीत सिंह की अध्यक्षता में अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई।
अपील
नागरिकगण एवं यात्री कृपया निर्धारित मार्ग एवं पार्किंग योजना का पालन करें। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचने के लिए यातायात पुलिस द्वारा दिए गए निर्देशों का अनुपालन अनिवार्य रूप से करें। सुरक्षित, सुचारू एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था के लिए पुलिस प्रशासन को सहयोग प्रदान करना सभी की जिम्मेदारी है।