जगदलपुर सर्किट हाउस में एक बीमार कर्मचारी के साथ मंत्री द्वारा कथित मारपीट की घटना ने छत्तीसगढ़ की राजनीति में उबाल ला दिया है। इस कृत्य के विरोध में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर रविवार को प्रदेशभर में पुतला दहन किया गया। दुर्ग में भी पटेल चौक पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए पुतला दहन किया।
विरोध प्रदर्शन के दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता अरुण वोरा ने कहा कि किसी भी सभ्य समाज में कमजोर, बीमार और असहाय व्यक्तियों पर अत्याचार की कोई जगह नहीं है। सत्ता में बैठे लोगों का दायित्व है कि वे संवेदनशीलता और मानवीय मूल्यों का पालन करें। पूर्व में दो बार मंत्री रह चुके और वर्तमान में वन मंत्री से इस तरह के व्यवहार की अपेक्षा नहीं थी। कांग्रेस पार्टी अन्याय और अमानवीयता के खिलाफ हमेशा मजबूती से खड़ी रही है और आगे भी जनता की आवाज़ बनकर संघर्ष जारी रखेगी।