स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव रविवार को जिले के अलग-अलग इलाके में कई कार्यक्रमों में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने लोगों की मांग पर कई निर्माण कार्यों के लिए राशि की घोषणा की। मंत्री ने इस दौरान लोगों से कहा कि वे सरकार की योजनाओं से जुड़ें और अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाएं।
मंत्री यादव रिसाली दशहरा मैदान भिलाई में आयोजित छत्तीसगढ़ झेरिया यादव समाज के अभिनंदन समारोह में शामिल हुए। यहां मंत्री का पारंपरिक नृत्य टोली ने स्वागत किया। मंत्री को विशेष पारंपरिक वेशभूषा पहनाकर सजी हुई लाठी भेंट की गई। यहां मंत्री ने कहा कि समाज की एक बड़ी आबादी आज भी आर्थिक रूप से कमजोर है, जिसे आगे लाना है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने आर्थिक स्थिति को सशक्त बनाने के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं लागू की हैं। इन योजनाओं का लाभ लेकर यादव समाज के लोग आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकते हैं और समाज को एक नई दिशा दे सकते हैं।
मंत्री ने यह की घोषणा
इस अवसर पर मंत्री यादव ने समाज के लिए विभिन्न स्थलों पर चार सामुदायिक भवनों के निर्माण के लिए प्रत्येक को 20-20 लाख रुपए देने की घोषणा की। इसके अतिरिक्त उन्होंने 5 लाख रुपए की स्वेच्छानुदान राशि देने की भी घोषणा की। इसके बाद दुर्ग पचरीपारा में कोसरिया यादव समाज के सम्मान समारोह में शामिल हुए। यहां उन्होंने यादव महिला छात्रावास के निर्माण के लिए 30 लाख रुपए देने की घोषणा की।
कार्यक्रमों में ये भी रहे शामिल
इस अवसर पर दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, झेरिया यादव समाज प्रदेश अध्यक्ष जगनीक यादव, प्रदेश संरक्षक जगतराम यादव व सुकालु राम यदु, प्रदेश उपाध्यक्ष झेरिया यादव समाज भगत सिंह यादव, रिसाली पूर्व मंडल अध्यक्ष शैलेन्द्र शेन्डे, प्रदेश सचिव सुंदर लाल यादव सहित यादव समाज के जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।