दुर्ग। शहर के बोरसी क्षेत्र में गुरुवार सुबह नगर निगम ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान निगम का बुलडोजर अतिक्रमित निर्माणों पर चला और कई अवैध ढांचों को हटाया गया।


किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए प्रशासन ने सुबह 4 बजे से ही क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया था। निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने सुरक्षा व्यवस्था के बीच कार्रवाई को अंजाम दिया।



बताया जा रहा है कि लंबे समय से अवैध कब्जों की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद निगम ने यह कार्रवाई की। मौके पर निगम के अधिकारी, राजस्व अमला और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुटी रही, लेकिन पुलिस की सतर्कता के चलते स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही।


नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और सरकारी भूमि पर किए गए कब्जों को हटाने की कार्रवाई लगातार की जाएगी।
