महाराजा चौक से बोरसी चौक तक सड़क चौड़ीकरण के बीच 1000 लोगों की सुरक्षा पर संकट, आंदोलन की चेतावनी
दुर्ग। महाराजा चौक से बोरसी चौक तक प्रस्तावित 80 फीट सड़क चौड़ीकरण परियोजना के बीच क्षेत्रवासियों ने 25 फीट चौड़े सर्विस रोड पर हुए अतिक्रमण को लेकर प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। तालाब के नीचे निवासरत लगभग 800 से 1000 रहवासियों का आरोप है कि राजस्व अभिलेखों में दर्ज सर्विस रोड पर वर्षों से अवैध कब्जा कर लिया गया है, जिससे आम लोगों का सुरक्षित आवागमन बाधित हो रहा है।

रहवासियों का कहना है कि पूर्व में सड़क के दोनों ओर कच्चा सर्विस रोड मौजूद था, लेकिन अतिक्रमण के कारण अब केवल एक तरफ ही सीमित मार्ग बचा है। इससे प्रतिदिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है तथा क्षेत्र के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

जानकारी के अनुसार महाराजा चौक से बोरसी चौक तक 80 फीट सड़क का चौड़ीकरण किया जाना है। तालाब के समीप सड़क को पुनः निर्धारित चौड़ाई देने के लिए विपरीत दिशा में रिटेनिंग वॉल का निर्माण भी किया जा रहा है। वॉल के नीचे 25 फीट चौड़ा सर्विस रोड प्रस्तावित है, किंतु नगर तथा ग्राम निवेश विभाग द्वारा अनुमोदित ले-आउट के अनुरूप सर्विस रोड उपलब्ध नहीं कराया गया है।

क्षेत्रवासियों ने आरोप लगाया कि अतिक्रमण के कारण अब तक कई सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। रहवासियों ने मंत्री एवं संबंधित अधिकारियों को कई बार ज्ञापन और पत्र भेजकर अतिक्रमण हटाने तथा सर्विस रोड निर्माण की मांग की है, परंतु अब तक उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया।

इसी के विरोध में कॉलोनीवासियों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया और प्रशासन से तत्काल अतिक्रमण हटाकर 25 फीट चौड़ा सर्विस रोड उपलब्ध कराने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो वे उग्र आंदोलन करेंगे तथा अपने अधिकारों की रक्षा के लिए सक्षम न्यायालय की शरण लेने को मजबूर होंगे।
रहवासियों ने प्रशासन से सवाल किया है कि जब अतिक्रमण के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं, तब आखिर कार्रवाई करने में देरी क्यों की जा रही है। क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
