दुर्ग/बालोद। छत्तीसगढ़ प्रदेश भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा ने संगठन विस्तार को गति देते हुए प्रभारियों और सहप्रभारियों की नई सूची जारी की है। प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव और प्रदेश किसान मोर्चा अध्यक्ष आलोक ठाकुर की सहमति से जारी सूची में बालोद जिले के लिए हिरेन्द्र साहू को प्रभारी तथा मुकेश बेलचंदन को सहप्रभारी नियुक्त किया गया है।

मुकेश बेलचंदन संगठन और किसान मोर्चा में लंबे समय से सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। वे पूर्व में दुर्ग जिला पंचायत में कृषि सभापति रह चुके हैं। वर्तमान में वे प्रदेश किसान मोर्चा कार्यसमिति सदस्य होने के साथ दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में ‘मन की बात’ कार्यक्रम के प्रभारी की जिम्मेदारी भी निभा रहे हैं। इसके अलावा संगठन के विभिन्न दायित्वों का भी निर्वहन कर चुके हैं।

नियुक्ति के बाद बालोद जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व और संगठनात्मक अनुभव से किसान मोर्चा जिले में नई ऊर्जा और सक्रियता के साथ कार्य करेगा।


नियुक्ति के बाद मुकेश बेलचंदन ने प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका फोकस संगठन के विस्तार और मजबूती पर रहेगा। उन्होंने कहा कि गांव-गांव और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत किया जाएगा, किसानों की समस्याओं को संगठन तक पहुंचाया जाएगा तथा सरकार की किसान हितैषी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।


संगठन विस्तार के साथ भाजपा किसान मोर्चा ने बालोद जिले में राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करने के संकेत दिए हैं।