दुर्ग/हनोदा। दुर्ग जिले के हनोदा गांव में देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मुरुम से लदा एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक सड़क से सीधे एक मकान में जा घुसा। घटना रात करीब 2:30 बजे की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, हादसे के समय घर के सभी सदस्य अंदर सो रहे थे। ट्रक पहले सड़क पर मौजूद एक कुत्ते को टक्कर मारते हुए आगे बढ़ा और फिर घर की दीवार तोड़कर अंदर घुस गया। जोरदार टक्कर से मकान की दीवारों में दरारें पड़ गईं और घर को नुकसान पहुंचा।

घटना के दौरान परिवार के लोग किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आए। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में देर रात तक अवैध मुरुम खनन और तेज रफ्तार भारी वाहनों की आवाजाही लगातार जारी रहती है, जिससे लोगों की सुरक्षा खतरे में पड़ रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल जांच और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस बार बड़ी अनहोनी टल गई, लेकिन यदि समय रहते नियंत्रण नहीं किया गया तो भविष्य में गंभीर हादसा हो सकता है।

