भिलाई। हथखोज इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एमआर एंटरप्राइजेज कंपनी के कोयला टैंक में बुधवार तड़के करीब 2 बजे अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें तेजी से उठने लगीं, जिससे कंपनी परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना तत्काल अग्निशमन कार्यालय दुर्ग को दी गई।


सूचना मिलते ही दुर्ग अग्निशमन विभाग की दमकल टीम मौके पर रवाना हुई। घटनास्थल पहुंचने पर अग्निशमन कर्मियों ने देखा कि कोयला टैंक पूरी तरह आग की चपेट में है और तेज लपटें निकल रही हैं। अग्निशमन दल ने साहस और तत्परता का परिचय देते हुए आग बुझाने का अभियान शुरू किया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया तथा उसे आसपास के हिस्सों में फैलने से रोक लिया गया।

अग्निशमन विभाग के अनुसार आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
अग्निशमन कार्यवाही में दल प्रभारी शरद मेश्राम सहित धर्मेंद्र बंजारे, नागेश मार्कंडेय, खेमराज और पवित्र ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जिला सेनानी एवं अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह ने टीम की तत्परता और साहस की सराहना की।