दुर्ग जिला अस्पताल की मॉर्चुरी में लंबे समय से चली आ रही अव्यवस्थाओं को लेकर कांग्रेस द्वारा उठाए गए मुद्दे का असर अब दिखाई देने लगा है। अस्पताल की मॉर्चुरी में दो नए डीप फ्रीजर स्थापित किए गए हैं, जबकि अस्पताल प्रबंधन ने जल्द ही चार और डीप फ्रीजर उपलब्ध कराने की बात कही है। इससे शव संरक्षण की व्यवस्था में सुधार होने की उम्मीद बढ़ गई है।

दरअसल, कुछ दिन पहले जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग शहर ने मॉर्चुरी में खराब पड़े डीप फ्रीजरों और शवों के संरक्षण में आ रही समस्याओं को लेकर अस्पताल प्रबंधन और जिला प्रशासन के सामने मामला उठाया था। कांग्रेस नेताओं ने ज्ञापन सौंपकर 15 दिनों के भीतर व्यवस्था सुधारने की मांग की थी और समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी थी। कांग्रेस का दावा है कि उनके हस्तक्षेप के बाद प्रशासन सक्रिय हुआ और मॉर्चुरी में दो नए डीप फ्रीजर लगाए गए। लंबे समय से खराब व्यवस्था के कारण मृतकों के परिजनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। कई बार शवों के संरक्षण को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए थे।

जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग शहर के अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल ने कहा कि यह केवल राजनीतिक मुद्दा नहीं बल्कि मानवीय संवेदनाओं से जुड़ा विषय था। उन्होंने कहा कि मॉर्चुरी में पर्याप्त डीप फ्रीजर नहीं होने से परिजनों को कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ता था। कांग्रेस ने जनहित को ध्यान में रखते हुए यह मुद्दा उठाया और अब प्रशासन ने सुधारात्मक कदम उठाने शुरू किए हैं। उन्होंने कहा कि दो नए डीप फ्रीजर मिलने से राहत जरूर मिलेगी, लेकिन अस्पताल की जरूरतों को देखते हुए चार अतिरिक्त डीप फ्रीजर भी जल्द उपलब्ध कराए जाने चाहिए। कांग्रेस भविष्य में भी स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और अन्य जनसरोकार के मुद्दों को प्रमुखता से उठाती रहेगी।

राजनीतिक संदेश भी स्पष्ट
स्थानीय राजनीति में इस घटनाक्रम को कांग्रेस अपनी जनहित की सक्रियता के उदाहरण के रूप में पेश कर रही है। पार्टी नेताओं का कहना है कि विपक्ष में रहते हुए भी कांग्रेस जनता से जुड़े मुद्दों पर दबाव बनाकर प्रशासन को कार्रवाई के लिए मजबूर कर सकती है। वहीं प्रशासनिक हलकों में इसे अस्पताल की आवश्यकताओं को देखते हुए नियमित व्यवस्था सुधार का हिस्सा बताया जा रहा है।
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने किया निरीक्षण
मॉर्चुरी की व्यवस्था का जायजा लेने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में जिला कांग्रेस अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल, महामंत्री रायसिंह ढिकोला, ज्ञानू बांगड़े, दुष्यंत देवांगन, राहुल शर्मा, कांग्रेस प्रवक्ता सुशील भारद्वाज और आयुष शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।
