दुर्ग जिले के ग्राम कुथरेल में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अवैध गुटखा फैक्ट्री पर छापा मारा है। बताया जा रहा है कि वाशिंग पाउडर निर्माण की आड़ में जर्दा युक्त सितार और अन्य तंबाकू उत्पाद तैयार किए जा रहे थे। पुलिस ने मौके से बड़ी मात्रा में सामग्री जब्त कर संचालक समेत 12 लोगों को हिरासत में लिया है।

दुर्ग के ग्राम कुथरेल में संचालित अवैध गुटखा निर्माण इकाई पर अंडा पुलिस ने दबिश दी। जांच के दौरान खुलासा हुआ कि फैक्ट्री में वाशिंग पाउडर उत्पादन के नाम पर जर्दा युक्त सितार और अन्य प्रतिबंधित तंबाकू उत्पाद बनाए जा रहे थे।

पुलिस को मौके पर दो अलग-अलग अवैध यूनिट संचालित होने की जानकारी मिली। छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में कच्चा माल, मशीनें और तैयार उत्पाद बरामद किए गए। कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री संचालक समेत 12 लोगों को हिरासत में लिया गया है।

“सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई है। फैक्ट्री से बड़ी मात्रा में सामग्री जब्त की गई है। मामले की जांच जारी है और संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।”

मामले की गंभीरता को देखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन (फूड एंड सेफ्टी विभाग) की टीम भी मौके पर पहुंची। विभाग द्वारा जब्त सामग्री के सैंपल लेकर उसकी गुणवत्ता और मात्रा का आकलन किया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है। यह पता लगाया जा रहा है कि अवैध रूप से तैयार किए जा रहे उत्पादों की सप्लाई किन-किन क्षेत्रों में की जा रही थी। दुर्ग पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध गुटखा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।