एडिशनल एसपी और अपर कलेक्टर ने दिए कड़ी कार्रवाई के निर्देश
चौक-चौराहों पर लगेंगे सीसीटीवी कैमरे, महिलाओं की सुरक्षा के लिए गठित होगी ‘महिला कमांडो’ टीम
दुर्ग/पाटन, 10 जून 2026: ग्राम पंचायत महुदा (जनपद पंचायत पाटन) और आसपास के क्षेत्रों में बढ़ते अवैध शराब, गांजा की बिक्री तथा सार्वजनिक स्थलों पर नशाखोरी के खिलाफ ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा है। आज ग्राम पंचायत महुदा के जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्ध जनों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने जिला मुख्यालय पहुंचकर जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक (SP) दुर्ग तथा थाना प्रभारी अमलेश्वर को ग्राम सभा द्वारा सर्वसम्मति से पारित प्रस्ताव के साथ एक कड़ा ज्ञापन सौंपा।

गांव की शांति भंग, युवाओं का भविष्य दांव पर
सौंपे गए ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि पिछले लंबे समय से क्षेत्र में अवैध देसी-विदेशी शराब और गांजे का कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है। स्कूल, मंदिर, शासकीय नर्सरी और सार्वजनिक तालाबों के पास असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। इसके कारण गांवों में घरेलू हिंसा, महिलाओं से अभद्रता और आपसी मारपीट की घटनाएं रोज की बात हो गई हैं। स्कूली बच्चे और युवा तेजी से इस नशे के दलदल में फंस रहे हैं।

प्रशासनिक अधिकारियों ने तत्काल फोन पर दिए निर्देश
ज्ञापन सौंपने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल से चर्चा के बाद अपर कलेक्टर और एडिशनल एसपी (दुर्ग) ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत अमलेश्वर थाना प्रभारी को फोन कर क्षेत्र में आबकारी व NDPS एक्ट के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई करने और पुलिस गश्त (Patrolling) बढ़ाने के कड़े निर्देश दिए हैं।

सुरक्षा के लिए पंचायत उठाएगी ठोस कदम
चर्चा के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने पंचायत प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपराधियों पर त्वरित कार्रवाई और निगरानी के लिए पंचायत फंड से गांव के मुख्य चौक-चौराहों पर सीसीटीवी (CCTV) कैमरे लगवाएं। साथ ही, गांव की माताओं-बहनों की सुरक्षा और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए स्थानीय स्तर पर ‘महिला कमांडो’ टीम का गठन करने का भी सुझाव दिया गया, जिस पर पंचायत ने सहमति जताई है।

प्रतिनिधिमंडल में ये रहे शामिल
इस दौरान चर्चा और ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से: रेणुका गजेन्द्र (सरपंच महोदया, ग्राम पंचायत महुदा) दानीराम साहू (उप-सरपंच) जीधन साहू (गांव प्रमुख)
पंचगण: चंद्रिका साहू, मंजू निर्मलकर, महेश्वरी साहू, संजय साहू, दादू सामाजिक संगठन: जनसरोकार मंच से मनोज कोसरे तथा महिला मुक्ति मोर्चा से निरा डहरिया व कलादास डहरिया प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।