दुर्ग शहर में अवैध जुए के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलगांव पुलिस ने रविवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए मंकी रिजॉर्ट के पीछे संचालित जुआ फड़ पर दबिश दी। पुलिस ने मौके से 15 लोगों को जुआ खेलते गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से नगदी, मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल और ताश पत्तों सहित कुल 4 लाख 34 हजार रुपए की संपत्ति जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि गोकुलधाम स्थित मंकी रिजॉर्ट के पीछे बड़े स्तर पर जुआ खेला जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलगांव थाना पुलिस ने टीम बनाकर घेराबंदी की और मौके पर रेड कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान 15 आरोपी जुआ खेलते हुए पकड़े गए।
नकदी से ज्यादा बाइक और मोबाइल जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1.82 लाख रुपए नकद, 52 पत्ती ताश, 12 मोटरसाइकिल, 19 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जब्त संपत्ति का कुल मूल्य लगभग 4.34 लाख रुपए बताया गया है। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3 और 4 के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
आखिर बार-बार कैसे सज रहे जुए के अड्डे?
पुलिस की कार्रवाई के बाद एक बार फिर यह सवाल खड़ा हो गया है कि शहर और उसके आसपास के क्षेत्रों में जुए के अड्डे आखिर इतने निर्भीक होकर कैसे संचालित हो रहे हैं। मंकी रिजॉर्ट के पीछे जैसी जगह पर 15 लोगों का एक साथ जुआ खेलते पकड़ा जाना इस बात का संकेत है कि संगठित रूप से जुआ गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे अड्डों पर अक्सर बाहरी क्षेत्रों से भी लोग पहुंचते हैं और देर रात तक गतिविधियां चलती रहती हैं।
15 आरोपी दबोचे गए
कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपियों में दुर्ग शहर के विभिन्न इलाकों—कसारीडीह, तकियापारा, केलाबाड़ी, तमेरपारा, विवेकानंद नगर, गंजपारा और लुचकीपारा—के निवासी शामिल हैं।
क्या-क्या हुआ जब्त?
1,82,000 नकद
52 पत्ती ताश
12 मोटरसाइकिल
17 टच स्क्रीन मोबाइल
2 कीपैड मोबाइल
कुल जब्ती – 4.34 लाख