दुर्ग। दुर्ग शहर जिला कांग्रेस कमेटी की महामंत्री निकिता मिलिंद ने छत्तीसगढ़ परिवहन विभाग (RTO) की प्रस्तावित तबादला सूची को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग में अफसरशाही हावी है और बहुप्रतीक्षित तबादला सूची जारी होने से पहले ही उसे रुकवाने के लिए प्रभाव और पहुंच का इस्तेमाल किया जा रहा है।

जारी प्रेस विज्ञप्ति में निकिता मिलिंद ने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ शासन में नौकरशाही का दबदबा बढ़ता जा रहा है और परिवहन विभाग में यह स्थिति स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि विभागीय तबादला सूची लंबे समय से लंबित है, लेकिन कुछ प्रभावशाली अधिकारियों के कारण इसे जारी नहीं किया जा रहा है।

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि राज्य के पाटेकोरा चेकपोस्ट प्रभारी, दुर्ग उड़नदस्ता प्रभारी तथा रायपुर उड़नदस्ता प्रभारी अपने प्रभाव और रसूख के बल पर तबादला सूची को रोकने का प्रयास कर रहे हैं। उनके अनुसार इन पदों को “मलाईदार पोस्टिंग” माना जाता है, जिसके चलते राजनीतिक सिफारिशों और स्थानीय स्तर पर दबाव बनाकर वर्तमान पदस्थापना बनाए रखने की कोशिश की जा रही है।

निकिता मिलिंद ने कहा कि यदि विभाग में पारदर्शिता और सुशासन की बात की जाती है तो तबादला प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं निर्धारित नियमों के अनुसार पूरा किया जाना चाहिए। उन्होंने राज्य सरकार और परिवहन विभाग से पूरे मामले की निष्पक्ष समीक्षा कर लंबित तबादला सूची जल्द जारी करने की मांग की है।
कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि तबादला प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं बरती गई तो पार्टी इस मुद्दे को व्यापक स्तर पर उठाएगी।