दुर्ग। पुरानी कहावत “2 जून की रोटी” को सार्थक करते हुए जन समर्पण सेवा संस्था, दुर्ग ने 2 जून को शहरभर में विशेष सेवा अभियान चलाकर सैकड़ों गरीब, असहाय एवं जरूरतमंद लोगों तक दो वक्त का भोजन पहुंचाया। संस्था के सदस्यों ने रेलवे स्टेशन, पोलसाय पारा, पुराना बस स्टैंड, पुलगांव चौक, मिनी माता चौक, पटेल चौक, वृद्धाश्रम, अनाथालय, अस्पतालों तथा फुटपाथों पर जीवन यापन करने वाले लोगों के बीच भोजन के साथ-साथ तेल, साबुन, निरमा, बच्चों के लिए दूध, मिष्ठान, नमकीन एवं अन्य आवश्यक सामग्री का वितरण किया।

संस्था के अनस खान और अंश पाण्डेय ने बताया कि सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक तथा शाम 7 बजे से देर रात तक चले इस विशेष अभियान में लगभग 350 से अधिक जरूरतमंदों को निशुल्क भोजन और आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई। संस्था का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि 2 जून के दिन शहर का कोई भी व्यक्ति भूखा न सोए।

जन समर्पण सेवा संस्था पिछले 9 वर्ष 5 माह (3440 दिनों) से बिना किसी अवकाश के प्रतिदिन 170 से अधिक जरूरतमंदों को निशुल्क भोजन उपलब्ध करा रही है। संस्था हर वर्ष 2 जून को विशेष आयोजन कर समाज के अंतिम व्यक्ति तक “दो जून की रोटी” पहुंचाने का प्रयास करती है।
संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि भूखे को भोजन कराना और जरूरतमंदों की सहायता करना सबसे बड़ा मानव धर्म है। इसी भावना के साथ संस्था वर्षों से सेवा कार्यों में जुटी हुई है और समाज के सहयोग से यह अभियान निरंतर आगे बढ़ रहा है।

इस सेवा अभियान में संस्था के अध्यक्ष योगेन्द्र शर्मा (बंटी) सहित आशीष मेश्राम, सुजल शर्मा, राजेन्द्र ताम्रकार, अख्तर खान, अनस खान, अंश पाण्डेय, अंकेश पेशवानी, रूपल गुप्ता, रूपेश शर्मा, मनोज गुप्ता, लाला, अर्जित शुक्ला, मृदुल गुप्ता, समीर खान, सार्थक शर्मा एवं अन्य सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
