दुर्ग। जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ दुर्ग पुलिस की लगातार कार्रवाई जारी है। नंदिनी नगर थाना पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर अवैध शराब परिवहन और बिक्री में संलिप्त तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 97 पौवा शराब, दो मोटरसाइकिल समेत कुल 1 लाख 400 रुपये की सामग्री जब्त की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 12 मई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो युवक बुलेट मोटरसाइकिल से अवैध शराब लेकर बिक्री के लिए जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम पोटिया मार्ग स्थित माईनिंग चेक के पास घेराबंदी कर युगल शर्मा और चन्द्र कुमार कुर्रे को पकड़ा। तलाशी में उनके पास से 62 पौवा देशी शराब और एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद हुई।

इसके बाद 13 मई को एक अन्य सूचना पर पुलिस ने पथरिया चौक के आगे बायपास रोड अहिवारा में कार्रवाई करते हुए बैसाखु राम साहू को गिरफ्तार किया। आरोपी टीव्हीएस एक्सल मोटरसाइकिल में 35 पौवा अंग्रेजी गोवा शराब लेकर परिवहन कर रहा था। पुलिस ने शराब और वाहन को जब्त कर लिया।

तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना नंदिनी नगर में अपराध क्रमांक 154/2026 एवं 155/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट में मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। बाद में आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया।
जब्त सामग्री 62 पौवा देशी मदिरा शराब 35 पौवा अंग्रेजी गोवा मदिरा 01 बुलेट मोटरसाइकिल 01 टीव्हीएस एक्सल मोटरसाइकिल कुल कीमत : 1,00,400 रुपये.