भिलाई। थाना भिलाई नगर क्षेत्र में एक केयर टेकर द्वारा अपने मालिक के मोबाइल फोन का दुरुपयोग कर यूपीआई के माध्यम से 1 लाख 67 हजार रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करने का मामला सामने आया है। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, तालपुरी ए-ब्लॉक निवासी डॉ. पूर्णिमा राज कछवाहा ने थाना भिलाई नगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके घर में केयर टेकर का काम करने वाला तिरथ चौधरी उर्फ अन्नू ने उनके पति के मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर बिना अनुमति अलग-अलग ऑनलाइन ट्रांजेक्शन किए और कुल 1.67 लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए।

शिकायत मिलने के बाद थाना भिलाई नगर पुलिस ने अपराध क्रमांक 242/2026 के तहत धारा 316(4) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और बैंक ट्रांजेक्शन डिटेल के आधार पर आरोपी की पहचान की। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान तिरथ चौधरी उर्फ अन्नू (20 वर्ष) निवासी अस्पताल सेक्टर, भिलाई के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन एवं बैंक ट्रांजेक्शन से संबंधित दस्तावेज जब्त किए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

दुर्ग police ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने मोबाइल, यूपीआई पिन, ओटीपी और बैंकिंग संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा न करें तथा किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन ट्रांजेक्शन की सूचना तुरंत पुलिस या साइबर हेल्पलाइन को दें।