महिला आरक्षण विधेयक (नारी शक्ति वंदन अधिनियम) के विरोध को लेकर भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन के खिलाफ निर्णायक मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित ‘आक्रोश सम्मेलन’ में जिले भर की सैकड़ों महिलाएं जुटीं। सम्मेलन के बाद आक्रोशित मातृशक्ति ने रैली निकालकर पुराना बस स्टैंड पर कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन का पुतला फूंका और जमकर नारेबाजी की।
महिलाओं को चारदीवारी में कैद रखना चाहती है कांग्रेस
मुख्य वक्ता और छत्तीसगढ़ बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष वर्णिका शर्मा ने कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि जब-जब नारी नेतृत्व की बात आई है, कांग्रेस ने गद्दारी की है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस आज भी महिलाओं को घर की चारदीवारी में कैद रखना चाहती है, लेकिन देश की जागरूक महिलाएं इस अपमान का बदला चुनाव में जरूर लेंगी।
मनगढ़ंत तर्कों से भ्रम फैलाने का आरोप
भाजपा जिला अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक ने कहा कि जहाँ पूरा देश ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ का उत्सव मना रहा था, वहीं कांग्रेस ने अपनी कुटिल सोच और मनगढ़ंत तर्कों से समाज को निराश किया। महापौर अलका बाघमार और मोर्चा अध्यक्ष तृप्ति चंद्राकर ने भी कांग्रेस को महिला विरोधी करार दिया। रैली के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल मुस्तैद रहा। इस शक्ति प्रदर्शन में जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती बंजारे, पूर्व महापौर चंद्रिका चंद्राकर सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहीं। कार्यक्रम का संचालन ममता राव और आभार प्रदर्शन डॉ. भारती साहू ने किया।