पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के खिलाफ एआई जनरेटेड आपत्तिजनक वीडियो का मामला अब आर-पार की जंग में तब्दील हो गया है। सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के अध्यक्ष राकेश ठाकुर के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने जिले के 10 प्रमुख थानों का घेराव कर शक्ति प्रदर्शन किया। जामगांव आर से लेकर धमधा और भिलाई-3 तक, कार्यकर्ताओं ने थानों के सामने सभाएं कर सरकार और ‘ट्रोल आर्मी’ के खिलाफ जमकर हुंकार भरी।
आईडी हुई ब्लैकआउट, पर गिरफ्तारी पर अड़ी कांग्रेस
चौतरफा दबाव के बाद प्रशासन ने देर शाम विवादित इंस्टाग्राम आईडी ‘कांग्रेस पोल खोल’ और ‘रैंडम छत्तीसगढ़’ को प्रतिबंधित कर दिया है। हालांकि, कांग्रेस ने इसे नाकाफी बताया है। जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कड़े शब्दों में कहा कि केवल आईडी बैन करना समाधान नहीं है; जब तक इन फेक फैक्ट्री के संचालकों की गिरफ्तारी नहीं होती, आंदोलन थमेगा नहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के संरक्षण में लोकतंत्र को कलंकित करने वाली राजनीति की जा रही है।
महिला आयोग की एंट्री, साइबर सेल को सख्त नोटिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य महिला आयोग ने स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग ने इसे महिला समाज की गरिमा से जोड़ते हुए दुर्ग पुलिस और साइबर सेल को 7 दिनों के भीतर विस्तृत जांच रिपोर्ट सौंपने का नोटिस जारी किया है। आयोग ने वीडियो के मूल स्रोत का पता लगाकर दोषियों पर वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इधर, पुलिस प्रशासन ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक जल्द पहुँचने का भरोसा दिलाया है। दुर्ग पुलिस के इस डिजिटल इम्तिहान पर अब पूरे प्रदेश की नजरें टिकी हैं।