भिलाई। भारतीय जनता पार्टी के 46वें स्थापना दिवस के आयोजन को लेकर भाजपा जिला कार्यालय प्रियदर्शिनी परिसर, सुपेला में एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक की शुरुआत भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण कर की गई। इसके पश्चात जिला संयोजक गोपाल कृष्ण वर्मा द्वारा अतिथियों का स्वागत करते हुए बैठक का शुभारंभ किया गया।

बैठक में भाजपा भिलाई जिला संगठन प्रभारी रामजी भारती, जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन, महामंत्री मनीष अग्रवाल, सुषमा जेठानी, नटवर ताम्रकार, महेश वर्मा, वीरेन्द्र साहू, ईश्वर सिंह ठाकुर, उषा बारले, दिव्या रतन भसीन, राम खिलावन साहू, उपकार चंद्राकर, चिन्ना केश्वलु, शैलेन्द्र सिंह, मनोज तिवारी, तुलसी साहू, प्रेमलाल साहू तथा भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष स्वीटी कौशिक सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन रश्मि सिंह ने किया।

जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन ने अपने उद्बोधन में कहा कि भिलाई जिले के लिए यह गौरव का विषय है कि प्रदेश कार्यकारिणी में जिले को सर्वाधिक स्थान मिला है। उन्होंने कहा कि जनसंघ की दो सीटों से प्रारंभ हुई यात्रा आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा रही है। भाजपा का विस्तार पंचायत से लेकर संसद तक हो चुका है और केंद्र सरकार पर भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं है।

उन्होंने बताया कि 6 अप्रैल को भाजपा का 46वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर सभी कार्यकर्ता अपने घरों में भाजपा का ध्वज लगाएंगे तथा प्रातः 6 बजे जिला कार्यालय में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

जिला प्रभारी रामजी भारती ने जानकारी दी कि 5 अप्रैल से 14 अप्रैल तक विभिन्न संगठनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती मनाई जाएगी तथा “गांव चलो अभियान” भी संचालित किया जाएगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से इन कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
बैठक में सभी मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के प्रदेश एवं जिला पदाधिकारियों की सक्रिय उपस्थिति रही।