दुर्ग। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर 17 मार्च 2026 को रायपुर में प्रस्तावित विधानसभा घेराव कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर सोमवार को राजीव भवन दुर्ग में जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) और दुर्ग शहर कांग्रेस कमेटी की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा पर चर्चा करते हुए अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) के जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में मनरेगा जैसी महत्वपूर्ण योजना को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे गरीब मजदूरों और ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बढ़ती अराजकता, नशाखोरी और अवैध अफीम की खेती जैसे गंभीर मुद्दों को लेकर कांग्रेस पार्टी लगातार सरकार को घेरते हुए जनता की आवाज उठा रही है।
दुर्ग शहर कांग्रेस अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा किसानों, मजदूरों, युवाओं और आम जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है। इन मुद्दों को लेकर 17 मार्च को रायपुर में विधानसभा घेराव किया जाएगा, जिसमें दुर्ग जिले से बड़ी संख्या में कांग्रेसजन शामिल होकर सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराएंगे।

बैठक में बताया गया कि दुर्ग (ग्रामीण) जिला अंतर्गत दुर्ग ग्रामीण विधानसभा, अहिवारा विधानसभा एवं धमधा ब्लॉक के सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता सुबह 11 बजे से पहले कुम्हारी टोल प्लाजा में एकत्रित होकर रायपुर के लिए प्रस्थान करेंगे। वहीं पाटन और जामगांव-आर ब्लॉक के कार्यकर्ता अमलेश्वर की ओर से तथा दुर्ग शहर के कांग्रेसजन सीधे कार्यक्रम स्थल रायपुर पहुंचेंगे। सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की गई।

बैठक में जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर, दुर्ग शहर कांग्रेस अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल, पूर्व विधायक अरुण वोरा, दीपक दुबे, आर.एन. वर्मा, अलताफ अहमद, शमशीर कुरैशी, योगिता चंद्राकर, राजेश यादव, संजय कोहले, प्रवक्ता नासिर खोखर, सुशील भारद्वाज, श्रीकांत वर्मा, मनहरण यादव, प्रमोद राजपूत, आनंद ताम्रकार, संतोष बाफना, उमेश साहू, कौशल किशोर, अजय शर्मा, कमलेश साहू, देव श्री साहू, मनीष बघेल, राजकुमार नारायणी, राजकुमार पाली, संजय बत्रा, राहुल शर्मा, प्रेमलता साहू, मोहित वाल्दे, सुमित घोष, खुर्शीद अहमद, विजेंद्र भारद्वाज, रत्ना नारमदेव, देव सिन्हा, गौरव उमरे, आयुष शर्मा, वरुण, जमना साहू, बृजलाल पटेल, गणेश सोनी, चिराग, पोषण साहू, निकिता मिलिंद सहित जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) और दुर्ग शहर के पदाधिकारी व कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।