दुर्ग I जिला दुर्ग में सर्व हिंदू समाज के प्रतिनिधियों ने पुलिस अधीक्षक महोदय को ज्ञापन सौंपकर हिंदुओं के धार्मिक स्थलों, पर्वों, मेलों व आयोजनों की पवित्रता और सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
ज्ञापन में बताया गया कि धार्मिक आयोजनों में बढ़ती भीड़ के बीच असामाजिक तत्वों की गतिविधियों से महिलाओं की सुरक्षा और धार्मिक वातावरण प्रभावित होता है। समाज के प्रतिनिधियों ने मांग की कि धार्मिक कार्यक्रमों में कानून-व्यवस्था मजबूत की जाए ताकि श्रद्धालु बिना भय के पूजा-पाठ व धार्मिक अनुष्ठानों में भाग ले सकें।

प्रतिनिधियों ने यह भी आग्रह किया कि आयोजनों के दौरान व्यापार करने वाले सभी दुकानदारों के लिए पहचान स्पष्ट रखने की व्यवस्था हो, जिससे किसी भी तरह की अव्यवस्था या भ्रम की स्थिति न बने। इसके साथ ही प्रमुख धार्मिक आयोजनों के दौरान पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती, सीसीटीवी निगरानी, महिला सुरक्षा दल और नियंत्रण कक्ष की व्यवस्था करने की मांग की गई।

सर्व हिंदू समाज ने प्रशासन से अपील की कि धार्मिक कार्यक्रमों के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाएं तथा शांति, सौहार्द और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे।
ज्ञापन की प्रतिलिपि जिला कलेक्टर एवं राज्य शासन के संबंधित विभागों को भी प्रेषित की गई है।