दुर्ग नगर की जनता इस समय अनेकों गंभीर समस्याओं से गुजर रही है। हर गली-मोहल्ले में लोग परेशान हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग और नगर निगम प्रशासन चुप्पी साधे हुए है। जनता की इन्हीं आवाज़ों को बुलंद करते हुए पूर्व महापौर धीरज बाकलीवाल और नगर निगम दुर्ग के नेता प्रतिपक्ष संजय कोहले के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं का प्रतिनिधि मंडल कलेक्टर कार्यालय पहुंचा और कलेक्टर अभिजीत सिंह को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के निराकरण की मांग की।
पूर्व महापौर धीरज बाकलीवाल ने बताया कि अगस्त माह का राशन अब तक एपीएल कार्डधारियों को उपलब्ध नहीं हो सका है। गरीब और मध्यमवर्गीय परिवार खाद्यान्न के लिए दर-दर भटक रहे हैं। खाद्य विभाग की लापरवाही के कारण जनता के सामने रोज़मर्रा की समस्या खड़ी हो गई है। इसके साथ ही खाद्य की समस्या को लेकर प्रतिनिधिमंडल ने जिला खाद्य अधिकारी से भी मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और तत्काल समाधान की मांग की। इसी प्रकार, निगम क्षेत्र में 1500 से अधिक नियमितीकरण के प्रकरण महीनों से लंबित पड़े हैं। कर्मचारियों और लोगों दोनों को इसका खामियाज़ा भुगतना पड़ रहा है। कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन से माँग की कि इन प्रकरणों का तत्काल निराकरण किया जाए।
मवेशियों पर नियंत्रण में निगम फेल
नगर की सड़कों और मोहल्लों में आवारा पशु और कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। आए दिन लोग हमलों का शिकार हो रहे हैं और बच्चे, बुज़ुर्ग असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। निगम प्रशासन बार-बार शिकायत के बावजूद ठोस कार्रवाई करने में असफल रहा है।
बिजली व्यवस्था महीनों से बदहाल
विद्युत व्यवस्था की बदहाली भी जनता के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। छह माह बाद निगम के पास नई स्ट्रीट लाइटें आईं, लेकिन उनका वितरण नहीं किया गया। पूरे शहर में दर्जनों लाइटें खराब पड़ी हैं, अंधेरे में लोग असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर हैं।
एसएलआरएम सेंटर की दीवार गिरी
इसके साथ ही धमधा नाका स्थित एसएलआरएम सेंटर की दीवार गिर चुकी है, जिससे चारों ओर कचरा फैल गया है और वहाँ रहने वालों के लिए नारकीय स्थिति निर्मित हो गई है। दुर्ग जैसे बड़े शहर में ऐसी तस्वीर निगम प्रशासन की लापरवाही को उजागर करती है।
ये मौजूद रहे ज्ञापन सौंपने के दौरान
इस दौरान छाया महापौर प्रेमलता साहू, पार्षद दीपक साहू, फतेह सिंह भाटिया, ज्ञानदास बंजारे, सतीश देवांगन, भोला महोबिया, भास्कर कुंडले, गौरव उमरे, चिराग शर्मा, आनंद कपूर ताम्रकार, बिजेंद्र भारद्वाज, माहेश्वरी ठाकुर, आयुष शर्मा, अंश चतुर्वेदी, छव्या साहू , आयुष भार्गव ,यासिफ़ ख़ान , अनमोल चौबे उपस्थित रहे।