दुर्ग जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक का जन्मदिन मंगलवार को राजनीतिक और सामाजिक मेल-मिलाप के बीच उत्साहपूर्वक मनाया गया। बोरसी स्थित मीनाक्षी नगर के चंद्राकर भवन में आयोजित शुभकामना समारोह में सुबह से ही जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और समर्थकों का तांता लगा रहा। जन्मदिन के बहाने भाजपा ने संगठनात्मक एकजुटता का प्रदर्शन किया, वहीं विभिन्न दलों के नेताओं की मौजूदगी ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया।

कार्यकर्ताओं ने केक काटकर, मिठाइयां बांटकर और आतिशबाजी कर खुशी का इजहार किया। कई कार्यकर्ता रैली के रूप में समारोह स्थल पहुंचे और नारेबाजी के बीच सुरेंद्र कौशिक का स्वागत कर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। जन्मदिन के अवसर पर दुर्ग शहर के पांचों भाजपा मंडलों में भी अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए गए। सुरेंद्र कौशिक ने कार्यकर्ताओं के साथ केक काटकर जन्मदिन मनाया और संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प दोहराया।
पौधरोपण कर दिया सामाजिक संदेश
जन्मदिन को केवल उत्सव तक सीमित नहीं रखते हुए सुरेंद्र कौशिक ने सिविल लाइन, कसारीडीह स्थित मां सतरूपा शीतला मंदिर परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। उन्होंने पौधरोपण को समाज और आने वाली पीढ़ियों के प्रति जिम्मेदारी बताते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की।

सत्ता और विपक्ष के नेता भी पहुंचे
समारोह की सबसे खास बात यह रही कि इसमें केवल भाजपा ही नहीं, बल्कि अन्य दलों के नेताओं ने भी शिरकत की। कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव, दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, महापौर अलका बाघमार, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष प्रीतपाल बेलचंदन, प्रदेश भाजपा मंत्री जितेंद्र वर्मा के साथ पूर्व विधायक अरुण वोरा सहित कांग्रेस के अन्य नेताओं ने भी पहुंचकर सुरेंद्र कौशिक को जन्मदिन की बधाई दी। इसके अलावा भाजपा के राष्ट्रीय और प्रदेश स्तरीय नेताओं तथा कई प्रशासनिक अधिकारियों ने दूरभाष के माध्यम से भी शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला भाजपा महामंत्री विनोद अरोरा, दिलीप साहू, जिला उपाध्यक्ष शिवेंद्र सिंह परिहार, अशोक राठी, मनोज सोनी, कोषाध्यक्ष राकेश सेन, ध्रुव सचदेव, एमआईसी सदस्य निलेश अग्रवाल, संतोष सोनी, नितेश साहू, राजा महोबिया, रजनीश श्रीवास्तव, सैय्यद आसिफ खान, पार्षद सरिता चंद्राकर, रोमनाथ साहू, विनोद चंद्राकर, अजय तिवारी, पोषण साहू, गौरव शर्मा, भारतेंदु गौतम, पूर्व पार्षद अरुण सिंह, कमलेश फेकर, विनायक नातू, पूर्व महापौर चंद्रिका चंद्राकर, जिला चेंबर अध्यक्ष अनूप गटागट, प्रदेश चेंबर उपाध्यक्ष प्रहलाद रुंगटा, अरविंदर खुराना, सतविंदर सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, व्यापारी, सामाजिक कार्यकर्ता और आम नागरिक मौजूद रहे।

राजनीतिक संदेश भी छोड़ गया आयोजन
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि जन्मदिन समारोह में विभिन्न दलों के नेताओं की मौजूदगी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी ने भाजपा संगठन की सक्रियता का संदेश दिया। आगामी नगरीय और संगठनात्मक गतिविधियों से पहले इसे जिला स्तर पर भाजपा की एकजुटता और जनसंपर्क के प्रदर्शन के रूप में भी देखा जा रहा है।