शिक्षा के क्षेत्र में मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने की एक प्रेरणादायी पहल करते हुए भिलाई के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला के सेवानिवृत्त प्रधान पाठक गंगेश कुमार सिन्हा ने अपनी दिवंगत पत्नी स्वर्गीय राजेश्री सिन्हा की स्मृति में विद्यालय में प्रतिवर्ष स्व. राजेश्री सिन्हा प्रतिभा सम्मान शुरू किया है। इस सम्मान के माध्यम से हर वर्ष कक्षा आठवीं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को एक हजार रुपए की नकद राशि एवं स्मृति-चिह्न प्रदान किया जाएगा।

विद्यालय परिसर में आयोजित गरिमामय समारोह में इस वर्ष उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन करने वाली छात्राएं दिव्या कुमारी और तमन्ना को स्व. राजेश्री सिन्हा प्रतिभा सम्मान से सम्मानित किया गया। दोनों छात्राओं को गंगेश कुमार सिन्हा एवं वार्ड पार्षद डी. सुजाता ने नगद पुरस्कार और स्मृति-चिह्न प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। गंगेश कुमार सिन्हा ने बताया कि इस सम्मान की शुरुआत का उद्देश्य विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धा की स्वस्थ भावना विकसित करना तथा उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना है। उनका मानना है कि ऐसे प्रयास विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल तैयार करते हैं।

उल्लेखनीय है कि गंगेश कुमार सिन्हा ने शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला सेक्टर-11, खुर्सीपार, भिलाई में लगभग 18 वर्षों तक शिक्षक के रूप में सेवाएं दीं। इसके बाद वे प्रधान पाठक के रूप में शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला छावनी में पदस्थ रहे और वहीं से सेवानिवृत्त हुए। समारोह में विद्यालय परिवार के शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों एवं अतिथियों ने गंगेश कुमार सिन्हा की इस पहल की सराहना करते हुए इसे शिक्षा और सामाजिक सरोकार से जुड़ा अनुकरणीय प्रयास बताया। विद्यालय परिवार ने उनके प्रति आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि यह सम्मान आने वाले वर्षों में भी विद्यार्थियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करता रहेगा।
