छत्तीसगढ़ शासन के श्रम विभाग ने प्रशासनिक कसावट और विभागीय कार्यों में गति लाने के उद्देश्य से प्रदेशभर में श्रम अधिकारियों का बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। मंगलवार को मंत्रालय से जारी आदेश के तहत नौ श्रम अधिकारियों का स्थानांतरण किया गया है। इस फेरबदल में दुर्ग जिले को नई सहायक श्रमायुक्त मिली हैं। आयुक्त कार्यालय, नवा रायपुर में पदस्थ श्रम पदाधिकारी पायल शर्मा को सहायक श्रमायुक्त, दुर्ग पदस्थ किया गया है।

श्रम विभाग के इस तबादला आदेश को आगामी समय में श्रमिक कल्याण योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, औद्योगिक क्षेत्रों में निगरानी और श्रम कानूनों के बेहतर पालन की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दुर्ग, भिलाई सहित औद्योगिक क्षेत्र में बड़ी संख्या में उद्योग एवं श्रमिक होने के कारण यहां सहायक श्रमायुक्त की भूमिका काफी अहम मानी जाती है।
कई जिलों में बदले गए अधिकारी
आदेश के अनुसार अंबिकापुर के श्रम पदाधिकारी नितोर विश्वकर्मा को सहायक श्रमायुक्त कोरबा बनाया गया है। मुंगेली के श्रम पदाधिकारी अभिषेक ठाकुर को सूरजपुर भेजा गया है। उन्हें अंबिकापुर श्रम पदाधिकारी का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। इसी प्रकार सूरजपुर के एलन मिंज को बलरामपुर, भैंसरा के रोशन काजी को कोंडागांव, बीजापुर के ओम व्यास नेताम को बालोद, जांजगीर-चांपा के समीर मिश्रा को राजनांदगांव, कोंडागांव के आजाद सिंह पोटे को जांजगीर-चांपा तथा बलरामपुर के भूपेंद्र सिंह चंद्रवंशी को कबीरधाम स्थानांतरित किया गया है।

औद्योगिक जिलों पर रहेगा विशेष फोकस
दुर्ग, कोरबा, राजनांदगांव और बालोद जैसे औद्योगिक एवं श्रमिक बहुल जिलों में अधिकारियों की नई पदस्थापना को प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इन जिलों में श्रमिकों के पंजीयन, श्रम कानूनों के पालन, औद्योगिक विवादों के निराकरण और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी अब नए अधिकारियों के कंधों पर होगी।

