ऑपरेशन विजय के 527 अमर शहीदों को दी श्रद्धांजलि, छात्राध्यापकों ने देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियां दीं
दुर्ग। सेठ बद्रीलाल खण्डेलवाल शिक्षा महाविद्यालय, दुर्ग में 27वें कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में दो दिवसीय कार्यक्रम के तहत पोस्टर मेकिंग एवं समूह रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। 24 जुलाई को पोस्टर प्रतियोगिता तथा 25 जुलाई को कारगिल विजय दिवस पर आधारित समूह रंगोली प्रतियोगिता महाविद्यालय परिसर में आयोजित हुई, जिसमें छात्राध्यापकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर देशभक्ति की भावना का परिचय दिया।

कार्यक्रम के दौरान वर्ष 1999 के ‘ऑपरेशन विजय’ में मातृभूमि की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले 527 वीर सैनिकों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। छात्राध्यापकों ने पोस्टर और रंगोली के माध्यम से कारगिल युद्ध के वीर जवानों के शौर्य, साहस और राष्ट्रभक्ति को सजीव रूप में प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम का सफल संचालन नोडल अधिकारी मोहम्मद हारून रशीद ने किया, जबकि प्रतियोगिताओं का मूल्यांकन श्रीमती भावना दुबे एवं डॉ. सपना वैष्णव ने किया।


पोस्टर प्रतियोगिता में खुशी ने प्रथम, खिलेश्वर ने द्वितीय तथा संदीप कुमार एवं जागृति ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। पायल ठाकुर को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।
वहीं समूह रंगोली प्रतियोगिता में चोवाराम एवं सोमिका यदु की टीम प्रथम, खिलेश्वर एवं धनंजय की टीम द्वितीय तथा तृप्ति एवं अंकिता की टीम तृतीय स्थान पर रही।

महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. उमाकान्ती सिंह एवं अध्यक्ष प्रवीण कुमार तिवारी ने प्रतियोगिता के विजेताओं और आयोजन समिति की सराहना करते हुए कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में महाविद्यालय का समस्त स्टाफ एवं छात्राध्यापक उपस्थित रहे।
