मंडल अध्यक्ष की कार्यशैली और उपेक्षा से नाराज कार्यकर्ताओं ने छोड़ी प्राथमिक सदस्यता, प्रदेश व राष्ट्रीय नेतृत्व को भेजा त्यागपत्र
राजनांदगांव/डोंगरगढ़। डोंगरगढ़ भाजपा संगठन में उस समय बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया, जब पार्टी के 111 सक्रिय कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से सामूहिक इस्तीफा दे दिया। इस्तीफा देने वालों में वर्तमान एवं पूर्व मंडल, जिला और प्रदेश स्तर के पदाधिकारी, पूर्व पार्षद, बूथ अध्यक्ष, शक्ति केंद्र प्रभारी तथा लंबे समय से संगठन में सक्रिय कार्यकर्ता शामिल हैं।

कार्यकर्ताओं द्वारा जिला भाजपा अध्यक्ष को भेजे गए त्यागपत्र में डोंगरगढ़ शहर मंडल अध्यक्ष जसमीत सिंह बन्नोआना की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए गए हैं। पत्र में आरोप लगाया गया है कि संगठन में समर्पित और निष्ठावान कार्यकर्ताओं की लगातार उपेक्षा की जा रही है, जबकि कुछ चुनिंदा लोगों के दबाव में निर्णय लिए जा रहे हैं। इससे वर्षों से पार्टी के लिए कार्य कर रहे कार्यकर्ताओं में असंतोष व्याप्त है।


त्यागपत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि संगठन में परिवारवाद और गुटबाजी को बढ़ावा दिया जा रहा है तथा ईमानदारी से काम करने वाले कार्यकर्ताओं को हाशिए पर धकेला जा रहा है। इसी कारण आहत होकर सभी कार्यकर्ताओं ने प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र देने का निर्णय लिया।

इस सामूहिक इस्तीफे की प्रतिलिपि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सिंह, प्रदेश संगठन मंत्री पवन साय तथा जिला भाजपा अध्यक्ष को भी भेजी गई है।

डोंगरगढ़ भाजपा में एक साथ 111 सक्रिय कार्यकर्ताओं के इस्तीफे से संगठन में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम पर भाजपा संगठन की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
