जनगणना 2027 के तहत प्रगणक और सुपरवाइजर के रूप में जिम्मेदारी निभाने वाले शिक्षकों एवं कर्मचारियों के लिए राहत की खबर है। जिला दुर्ग के डिप्टी कलेक्टर एवं प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी ने आदेश जारी कर संबंधित विभागों एवं कार्यालयों को निर्देश दिए हैं कि जनगणना कार्य सफलतापूर्वक पूरा करने वाले कर्मचारियों को कर्तव्य प्रमाण-पत्र (Duty Certificate) जारी किया जाए। इसके आधार पर नियमानुसार उन्हें अर्जित अवकाश (Earned Leave) स्वीकृत करने की प्रक्रिया पूरी की जाए।

आदेश में संबंधित विभागों और कार्यालयों को निर्देशित किया गया है कि जनगणना कार्य में निर्धारित अवधि तक अपनी जिम्मेदारी निभाने वाले कर्मचारियों के ड्यूटी प्रमाण-पत्र के आधार पर नियमानुसार अर्जित अवकाश स्वीकृत करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
बताया गया कि जनगणना कार्य में शामिल शिक्षकों एवं कर्मचारियों को अर्जित अवकाश का लाभ दिलाने की मांग को लेकर विगत दिनों छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन, जिला इकाई दुर्ग के प्रतिनिधिमंडल ने जिला जनगणना अधिकारी वीरेंद्र सिंह एवं डिप्टी कलेक्टर उत्तम कुमार ध्रुव से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा था।
फेडरेशन की ओर से जनगणना कार्य में लगे कर्मचारियों के अतिरिक्त दायित्व और कार्यभार को देखते हुए ड्यूटी प्रमाण-पत्र जारी कर उसके आधार पर अर्जित अवकाश स्वीकृत करने की मांग रखी गई थी।


फेडरेशन ने किया आदेश का स्वागत
जिला प्रशासन के आदेश के बाद फेडरेशन जिला अध्यक्ष कृष्ण कुमार वर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष पाटन चेतन सिंह परिहार, राहुल झा, राजकुमार बघेल, सुनील कुमार बघेल, खेलावन कुर्रे और किशोर कुर्रे सहित अन्य पदाधिकारियों ने निर्णय का स्वागत किया। उन्होंने इसके लिए जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में जिम्मेदारी निभाने वाले शिक्षकों एवं कर्मचारियों को यह सुविधा मिलने से उन्हें राहत मिलेगी।

