पाटन में 17 अगस्त को प्रस्तावित विशाल बोल बम कांवर यात्रा महोत्सव की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में बोल बम कांवर यात्रा समिति के संयोजक एवं भाजपा प्रदेश मंत्री जितेंद्र वर्मा ने छत्तीसगढ़ विधानसभा भवन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से सौजन्य भेंट कर उन्हें आयोजन में शामिल होने का आमंत्रण दिया।

इस दौरान जितेंद्र वर्मा ने मुख्यमंत्री को यात्रा की रूपरेखा, तैयारियों तथा धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी सावन के तीसरे सोमवार को पाटन से टोलाघाट तक हजारों शिवभक्तों की सहभागिता के साथ भव्य कांवर यात्रा निकाली जाएगी। इस अवसर पर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव भी उपस्थित रहे।
जितेंद्र वर्मा ने मुख्यमंत्री को बताया कि बोल बम कांवर यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, सेवा, अनुशासन और सनातन संस्कृति के संरक्षण का भी माध्यम है। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान श्रद्धालु “बोल बम” के जयघोष के साथ पैदल चलकर भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे। आयोजन को सुव्यवस्थित बनाने के लिए चिकित्सा, पेयजल, भोजन, विश्राम, सुरक्षा, यातायात और स्वच्छता सहित आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।


मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए आयोजन के लिए समिति को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने यात्रा के सफल आयोजन की कामना की।
समिति की ओर से क्षेत्र के श्रद्धालुओं, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों, युवा मंडलों, महिला समूहों और जनप्रतिनिधियों से 17 अगस्त को पाटन से टोलाघाट तक निकलने वाली कांवर यात्रा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की गई।

