भिलाई नेहरू नगर स्थित भेलवा तालाब गार्डन में छात्रों को चाकू दिखाकर मोबाइल और नगदी लूटने के मामले में सुपेला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी और एक अपचारी बालक को अभिरक्षा में लिया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि नाबालिग के संबंध में किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार, 15 जुलाई को थाना सुपेला में दर्ज शिकायत में बताया गया कि एम. लक्ष्मण रेड्डी अपने साथियों निशांत साहू और दिलेश वारिक के साथ स्कूल से लौटते समय नेहरू नगर स्थित भेलवा तालाब गार्डन में रुके थे। इसी दौरान तीन युवक वहां पहुंचे और कथित रूप से स्वयं को इलाके का “दादा” बताते हुए धारदार हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपियों ने छात्रों से नगदी और मोबाइल फोन छीन लिए और मौके से फरार हो गए।
शिकायत के आधार पर सुपेला थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर शिवा नाग (18 वर्ष) और एक अपचारी बालक को पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार, मामले में तीसरे आरोपी की तलाश और अन्य वैधानिक कार्रवाई जारी है।


प्रारंभिक जांच में पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने राह चलते छात्रों को डराकर उनसे नगदी और मोबाइल लूटने के उद्देश्य से वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने बताया कि मामले में जब्ती संबंधी कार्रवाई जारी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पारस ठाकुर, उपनिरीक्षक अजय शंकर अविनासी, प्रधान आरक्षक गंगाराम रावत, प्रकाश चंद्र तिवारी, आरक्षक दुर्गेश सिंह राजपूत और धर्मेंद्र सूर्यवंशी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपराधिक घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

