धीरज बाकलीवाल बोले गुणवत्ताहीन निर्माण की हो जांच, क्षतिग्रस्त पाइपलाइन तत्काल सुधारे निगम
दुर्ग। शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व महापौर धीरज बाकलीवाल ने वार्ड क्रमांक 40 (सुराना कॉलेज वार्ड) का दौरा कर स्थानीय नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इसके बाद उन्होंने बाबा आटा चक्की वाली लाइन में नगर निगम द्वारा कराए जा रहे नाली निर्माण कार्य का निरीक्षण किया, जहां निर्माण में अनियमितताओं का आरोप लगाया।

धीरज बाकलीवाल ने कहा कि नाली निर्माण के दौरान पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से क्षेत्र के लोग पिछले 15 दिनों से जल संकट झेल रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि निगम प्रशासन की लापरवाही के कारण अब तक पाइपलाइन की मरम्मत नहीं की गई, जिससे नागरिकों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।


उन्होंने निर्माण कार्य को गुणवत्ताहीन बताते हुए कहा कि संबंधित अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण तक नहीं किया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि निर्माण स्थल के पास रहने वाली एक महिला का पैर फिसलने से फ्रैक्चर हो गया, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

कांग्रेस नेताओं ने निगम प्रशासन से नाली निर्माण की निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय जांच कराने, क्षतिग्रस्त पाइपलाइन को तत्काल दुरुस्त कर पेयजल आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस स्थानीय नागरिकों के साथ आंदोलन करने को मजबूर होगी।

निरीक्षण के दौरान नेता प्रतिपक्ष संजय कोहले, मध्य ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व पार्षद अलताफ अहमद, साहिल शर्मा, शानू सिन्हा, पाशी अली सहित वार्ड की महिलाएं और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
