महंगाई और पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में कांग्रेस ने दुर्ग जिले में चरणबद्ध आंदोलन शुरू कर दिया है। अभियान के पहले दिन धमधा में कांग्रेसियों ने अनोखा प्रदर्शन किया। यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक जुड़ा में बैलों की जगह खुद को जोतकर मोटरसाइकिल खींचा और केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रतीकात्मक प्रदर्शन के जरिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने संदेश दिया कि पेट्रोल-डीजल के दाम इतने बढ़ चुके हैं कि आम आदमी के लिए वाहन चलाना भी बोझ बन गया है। प्रदर्शन के दौरान महंगाई की मार, भाजपा सरकार, डीजल-पेट्रोल के दाम कम करो और जनता त्रस्त, सरकार मस्त जैसे नारों से माहौल गूंजता रहा। इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि गलत आर्थिक नीतियों का बोझ सीधे आम जनता पर पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार वृद्धि से खेती-किसानी, परिवहन, खाद्य सामग्री और रोजमर्रा की जरूरतें लगातार महंगी होती जा रही हैं, जिससे गरीब, किसान, मजदूर और मध्यम वर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित हैं।
जिलेभर में पेट्रोल पंपों के सामने प्रदर्शन
धमधा के अलावा जामुल, अहिवारा, मुरमुंदा, भिलाई-3, कुम्हारी, पाटन, जामगांव-आर, उतई और नगपुरा समेत कई ब्लॉकों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल पंपों के सामने प्रदर्शन किया। हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
अब राशन और सराफा बाजार में भी होगा आंदोलन
कांग्रेस ने आंदोलन को अगले तीन दिनों तक जारी रखने का ऐलान किया है।
18 मई :- खाद्य तेल और राशन सामग्री की महंगाई के खिलाफ बाजारों में प्रदर्शन
19 मई :- सराफा बाजार में जनसंवाद
20 मई :- सोशल मीडिया अभियान