प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से की गई अपीलों को लेकर कांग्रेस ने तीखा हमला बोला है। दुर्ग स्थित Indian National Congress के राजीव भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में रायपुर के पूर्व महापौर Pramod Dubey ने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की अपीलें आम जनता के जख्मों पर नमक छिड़कने का काम कर रही हैं, जबकि सरकार के मंत्री और अधिकारी खुद उन्हीं अपीलों का पालन नहीं कर रहे।

प्रमोद दुबे ने कहा कि पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों से आम आदमी परेशान है। लोग भीषण गर्मी में लंबी कतारों में खड़े होकर ईंधन खरीदने को मजबूर हैं, लेकिन सरकार के अधिकारी यह कह रहे हैं कि पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब आम जनता पहले ही महंगाई से टूटी हुई है तो प्रधानमंत्री द्वारा “सोना मत खरीदो” जैसी अपील करना हास्यास्पद है। उन्होंने कहा कि यदि जांच कराई जाए तो सबसे ज्यादा सोना भाजपा नेताओं और अधिकारियों के पास ही मिलेगा।

कांग्रेस नेता ने रुपये की गिरती कीमत को लेकर भी केंद्र सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इससे साफ पता चलता है कि देश की आर्थिक स्थिति किस दिशा में जा रही है। साथ ही उन्होंने छत्तीसगढ़ सरकार के “सुशासन तिहार” कार्यक्रम पर भी निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से दौरे कर रहे हैं, जबकि मंत्री, विधायक और अधिकारी सैकड़ों वाहनों के काफिले के साथ घूम रहे हैं।
प्रमोद दुबे ने आरोप लगाया कि पांच राज्यों के चुनाव से पहले केंद्र सरकार ने दावा किया था कि देश में पेट्रोल-डीजल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है और कीमतें नहीं बढ़ेंगी, लेकिन चुनाव खत्म होते ही पेट्रोल-डीजल के दामों में अचानक ₹3.14 की वृद्धि कर दी गई, जिससे महंगाई और बढ़ गई है।

जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने अंतरराष्ट्रीय मुद्दों का जिक्र करते हुए कहा कि भारत सरकार रूस से पेट्रोल-डीजल खरीदती रही है, लेकिन अब अमेरिका के दबाव में रूस से खरीदी बंद की जा रही है। कांग्रेस नेता ने यह भी कहा कि Rahul Gandhi ने 75 दिन पहले ही संभावित संकट को लेकर सावधानी बरतने की सलाह दी थी, लेकिन केंद्र सरकार ने कोई गंभीर पहल नहीं की और केवल चुनावी राजनीति में व्यस्त रही।

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि आज पूरा देश वैश्विक आर्थिक संकट और महंगाई की मार झेल रहा है, जबकि केंद्र सरकार जनता की परेशानियों को समझने में विफल साबित हो रही है।
प्रेसवार्ता में प्रमुख रूप से राकेश ठाकुर जिला अध्यक्ष, धीरज बागलीवाल दुर्ग शहर अध्यक्ष, मुकेश चंद्राकर भिलाई शहर अध्यक्ष के साथ अन्य कांग्रेसी उपस्थित रहे।