दुर्ग। हिंदू देवी-देवताओं पर कथित अभद्र टिप्पणी किए जाने के मामले को लेकर शुक्रवार को दुर्ग नगर निगम कार्यालय में जमकर हंगामा हो गया। विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने निगम आयुक्त सुमित अग्रवाल के पीए गौतम साहू के साथ मारपीट कर दी। घटना के बाद निगम कार्यालय परिसर में तनाव का माहौल बन गया।


जानकारी के अनुसार, गौतम साहू पर आरोप है कि उन्होंने एक युवती को व्हाट्सएप के माध्यम से हिंदू देवी-देवताओं के खिलाफ अभद्र टिप्पणी भेजी थी। इसकी जानकारी मिलते ही विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए और बड़ी संख्या में निगम कार्यालय पहुंच गए।


बताया जा रहा है कि कार्यकर्ताओं ने गौतम साहू का विरोध करते हुए उनके साथ मारपीट की। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद पुलिस गौतम साहू को अपने साथ थाना ले गई, जहां मामले में पूछताछ की जा रही है।
विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता सौरभ देवांगन और रामलोचन तिवारी ने गौतम साहू के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।