भिलाई – खुर्सीपार थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। 25 अप्रैल की रात हुई चाकूबाजी की घटना में घायल दूसरे युवक की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। इससे पहले एक युवक की मौत हो चुकी थी। अब इस मामले में मृतकों की संख्या दो हो गई है।

बताया जा रहा है कि बालाजी नगर निवासी रजत कुशवाहा अपने दोस्त सुनील कन्हैया को बाइक से घर छोड़ने जा रहा था। रात करीब 9:30 बजे दोनों गांधी विद्यालय के पास पहुंचे, तभी उन्होंने देखा कि आरोपी गोलू सिंह एक युवक को बैट से पीट रहा है।

दोनों दोस्तों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने की कोशिश की, लेकिन आरोपी इस बात से आगबबूला हो गया। गाली-गलौज करते हुए उसने चाकू निकाल लिया और दोनों युवकों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमले में रजत कुशवाहा के पेट और सीने में गंभीर चोटें आईं, जबकि सुनील कन्हैया के सीने, पेट और पीठ पर कई वार किए गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों और परिजनों ने दोनों घायलों को तत्काल सुपेला शासकीय अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर दोनों को रामनगर स्थित स्पर्श अस्पताल रेफर किया गया।

इलाज के दौरान पहले रजत कुशवाहा की मौत हो गई थी, वहीं शुक्रवार को सुनील कन्हैया ने भी दम तोड़ दिया।
घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने आरोपी गोलू सिंह को घटना के तुरंत बाद गिरफ्तार कर लिया था। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।