दुर्ग। जिले में नशे के खिलाफ लगातार अभियान चला रही दुर्ग पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना खुर्शीपार पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 03 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से 43.14 ग्राम हेरोइन सहित कुल 8,90,940 रुपये की संपत्ति बरामद की गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 29 मार्च को मिनी स्टेडियम स्थित सुलभ शौचालय के पास मादक पदार्थ की अवैध बिक्री की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।

आरोपियों के पास से 43.14 ग्राम हेरोइन (कीमत 8,65,800 रुपये), नगदी 3,640 रुपये एवं 05 मोबाइल फोन (कीमत 24,500 रुपये) जप्त किए गए। इस तरह कुल 8,90,940 रुपये की संपत्ति बरामद की गई है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 111/2026 के तहत धारा 8/21(क), 27(क) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों में एक मुख्य आरोपी पंजाब के अमृतसर का निवासी है, जो दुर्ग में मादक पदार्थों की सप्लाई चेन से जुड़ा हुआ था। इससे अंतरराज्यीय नेटवर्क की पुष्टि हुई है।
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक देवलाल साहू, सहायक उप निरीक्षक तुलसीराम विझेकर, प्रधान आरक्षक आनंद तिवारी, आरक्षक चुमुक सिंहा, दिलीप हरदे एवं साइबर सेल की टीम की सराहनीय भूमिका रही।