दुर्ग | 24 मार्च 2026 दुर्ग जिले के जामुल थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां शराब पीने के लिए पैसे नहीं मिलने पर एक युवक ने अपने ही घर में आग लगा दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 22 मार्च 2026 को ग्राम खेरधा निवासी मीना धृतलहरे ने थाना जामुल में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनका पुत्र पुनित धृतलहरे (30 वर्ष) रात करीब 10 बजे शराब पीने के लिए पैसे मांग रहा था। पैसे देने से मना करने पर वह गुस्से में आ गया और घर को आग लगाने की धमकी देते हुए सिगड़ी से जलता कपड़ा घर में फेंक दिया।
देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे घर में रखा सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। इस घटना में करीब ₹2,50,000 की संपत्ति का नुकसान हुआ।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना जामुल पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद 24 मार्च 2026 को उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक रामेन्द्र सिंह सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।