दुर्ग। बोरसी क्षेत्र में शनिवार सुबह एक मकान में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दुर्ग अग्निशमन दल की टीम मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया। इस दौरान घर में रखे दो गैस सिलेंडर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 14 मार्च 2026 को सुबह लगभग 11 बजे बोरसी स्थित श्रीराज रतन के निवास स्थान पर अचानक आग लग गई। घटना की सूचना तत्काल अग्निशमन कार्यालय दुर्ग को दी गई। सूचना मिलते ही दमकल की एक गाड़ी और टीम को तुरंत मौके के लिए रवाना किया गया।
मौके पर पहुंचने पर अग्निशमन कर्मियों ने देखा कि आग घर के विभिन्न हिस्सों में फैल चुकी थी और धुआं पूरे घर में भर गया था। जोखिम उठाते हुए अग्निशमन कर्मी धुएं से भरे घर के अंदर घुसे और सबसे पहले दो गैस सिलेंडर को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद दमकल टीम ने तेजी से पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया।

अग्निशमन दल प्रभारी महेन्द्र चंदेल के नेतृत्व में अग्निशमन कर्मचारी धर्मेंद्र, राजेश, शशांक और मनीष ने मिलकर समन्वय के साथ राहत कार्य किया। दमकल की एक गाड़ी के माध्यम से आग को नियंत्रित किया गया।
फिलहाल आग लगने का कारण अज्ञात बताया जा रहा है। मामले की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है। समय रहते अग्निशमन दल की तत्परता से किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और बड़ी घटना होने से बचाव हो गया।
जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि अग्निशमन दल की सतर्कता और टीमवर्क के कारण आग पर समय रहते काबू पाया गया।
