दुर्ग। जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग शहर के महामंत्री गौरव उमरे ने प्रदेश में बढ़ते अपराध और अवैध नशे के कारोबार को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि जब से छत्तीसगढ़ में भाजपा की सरकार बनी है, तब से प्रदेश की जनता के विश्वासों पर कुठाराघात हुआ है। किसान परेशान हैं, पढ़े-लिखे नौजवान रोजगार के लिए भटक रहे हैं, महिलाएं सुरक्षा की मांग कर रही हैं और महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है। वहीं अपराधों में भी दिन-दोगुनी और रात-चौगुनी वृद्धि हो रही है, लेकिन राज्य सरकार इस पर मौन बनी हुई है।

गौरव उमरे ने कहा कि विकास के नाम पर केवल दिखावा किया जा रहा है और मंत्री-विधायक केवल बयानबाजी तक सीमित रह गए हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में दुर्ग जिले के ग्राम समोदा और बलरामपुर में अफीम की अवैध खेती के मामले सामने आना बेहद चिंताजनक है। इससे प्रदेश की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं और यह समाज व युवा पीढ़ी के भविष्य के लिए खतरनाक संकेत है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा से जुड़े लोगों के नाम नशे की खेती में सामने आना और भी गंभीर मामला है। उमरे ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
उन्होंने कहा कि नशे के इस अवैध कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और प्रशासन को इस पर सख्त कदम उठाने चाहिए, ताकि युवाओं का भविष्य सुरक्षित रह सके।