District Congress protests against false case filed against NSUI leader due to political vendetta
दुर्ग। सत्तारूढ़ भाजपा सरकार के मंत्री और विधायकों द्वारा कानून का उल्लंघन करने व गैर-जिम्मेदाराना बयान देने पर सवाल उठाना अब कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए अपराध बनता जा रहा है। इसी कड़ी में भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) दुर्ग शहर अध्यक्ष वरुण केवलतानी के विरुद्ध कोतवाली थाना में झूठा व मनगढ़ंत अपराध पंजीबद्ध किया गया है, जिसे जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग ने राजनैतिक विद्वेषपूर्ण कार्यवाही बताते हुए कड़ा विरोध दर्ज कराया है।

कांग्रेस नेताओं ने बताया कि दुर्ग विधायक द्वारा बिना हेलमेट दुपहिया वाहन चलाने तथा राज्य के कानून मंत्री गजेन्द्र यादव द्वारा दिया गया हास्यास्पद बयान — “रात्रि 10 बजे से सुबह 7 बजे तक हेलमेट पहनने से छूट है” — सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस बयान और कानून उल्लंघन के संबंध में एनएसयूआई शहर अध्यक्ष वरुण केवलतानी ने पुलिस से कार्यवाही की मांग की थी।
पुलिस द्वारा कार्यवाही नहीं किए जाने पर, कथित पक्षपातपूर्ण रवैये के विरोध में प्रतीकात्मक रूप से पुलिस प्रशासन को चूड़ी और साड़ी भेंट की गई। इसके बाद पुलिस ने वरुण केवलतानी व उनके साथियों पर शासकीय कार्य में बाधा का झूठा आधार बनाकर धारा 126(2), 132, 221 एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर दिया। जिला कांग्रेस कमेटी का कहना है कि यह कार्यवाही पूरी तरह अवैधानिक और बदले की भावना से प्रेरित है।
कांग्रेस नेताओं ने सवाल उठाया कि जब स्वयं मंत्री और विधायक कानून तोड़ रहे हैं, तो क्या संविधान उन्हें कानून उल्लंघन की छूट देता है? क्या बिना हेलमेट वाहन चलाने पर कानून मंत्री के विरुद्ध कोई कार्यवाही होगी? क्या कानून के पालन की मांग करना अपराध है?
जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग ने इस पूरे मामले को लोकतंत्र की आवाज़ दबाने का प्रयास बताते हुए प्रशासन से मांग की है कि राजनैतिक विद्वेषपूर्ण कार्यवाही पर तत्काल रोक लगाई जाए और झूठे प्रकरण को निरस्त किया जाए।
इस दौरान शहर जिला अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल, राजेश यादव, दीपक दुबे, आर एन वर्मा, राजेंद्र साहू, दीपक साहू, प्रेमलता साहू, पोषण साहू, आनंद कपूर ताम्रकार रतना नारमदेव, गौरव उमरी मुकेश साहू नासिर खोखर सनी साहू , चिराग शर्मा सहित कांग्रेस के कार्यकर्ता मौजूद रहे।