दुर्ग. छत्तीसगढ़ में पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की बिजली बिल हॉफ योजना को बंद किए जाने और उसके स्थान पर दी गई यूनिट छूट को लेकर एक बार फिर से सियासी घमासान छिड़ गया है। राज्य सरकार द्वारा छूट की यूनिट को 100 से बढ़ाकर 200 किए जाने के फैसले पर कांग्रेस ने कड़ी नाराज़गी व्यक्त की है और इसे ऊंट के मुंह में जीरा’ करार दिया है। इस फैसले के विरोध में, जिला कांग्रेस कमेटी ने एक अनोखे प्रदर्शन की घोषणा की है। पार्टी सोमवार को ऊंट लेकर बिजली दफ्तर का घेराव करेगी।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने इस आंदोलन की जानकारी देते हुए बताया कि प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर इसकी सूचना दे दी गई है। उन्होंने वर्तमान भाजपा सरकार और बिजली विभाग के अधिकारियों पर जनता के साथ धोखा करने का आरोप लगाया। ठाकुर ने कहा, पहले 400 यूनिट तक बिजली बिल हॉफ योजना लागू थी। इसे दुर्भावनावश खत्म कर पहले 100 यूनिट तक सीमित किया गया। पूरे प्रदेश में जनता के साथ कांग्रेस के विरोध के बाद, घबराई सरकार अब इसे 200 यूनिट तक करके केवल खानापूर्ति करना चाह रही है। कांग्रेस की मांग है कि बिजली बिल पर छूट की यूनिट को पूर्ववत 400 यूनिट किया जाए, ताकि आम जनता को महंगाई के इस दौर में राहत मिल सके।
‘महंगाई का बोझ’ डालने का आरोप
कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने आगे कहा, 200 यूनिट तक की छूट ऊंट के मुंह में जीरा के समान है। सरकार भारी भरकम बिजली बिल थमाकर जनता को महंगाई के बोझ से लादना चाह रही है। प्रदर्शन के दौरान, प्रवक्ता नासिर खोखर, अय्यूब खान, मोहित वाल्दे, राम सूर्यवंशी, पालेश्वर ठाकुर सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे।