दुर्ग के बैडमिंटन खिलाड़ियों को बड़ी सौगात मिली। शहर में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार किए गए 1.50 करोड़ रुपये की लागत वाले अत्याधुनिक इंडोर बैडमिंटन कोर्ट का लोकार्पण शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने किया। रविशंकर स्टेडियम के करीब निर्मित इस कोर्ट से अब स्थानीय खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए बेहतरीन और विश्वस्तरीय सुविधाएँ मिल सकेंगी।
लोकार्पण के दौरान मंत्री यादव ने स्वयं रैकेट थामकर खिलाड़ियों के साथ कोर्ट पर हाथ भी आजमाया। उन्होंने कहा कि यह इंडोर कोर्ट दुर्ग की खेल संस्कृति को नई पहचान देने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। अब खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए भटकना नहीं पड़ेगा और वे रात्रि में भी अभ्यास करने के साथ ही बेहतर प्रशिक्षण वातावरण का लाभ उठा सकेंगे। यह कोर्ट राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए भी उपयुक्त स्थल होगा, जिससे स्थानीय प्रतिभाओं को बड़ा मंच मिलेगा।

अन्य खेल सुविधाओं पर भी फोकस
मंत्री यादव ने बताया कि दुर्ग की पहचान खेलों से रही है, और खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए विशेष पहल की जा रही है। उन्होंने जानकारी दी कि इंडोर स्टेडियम के अलावा, शहर में स्वीमिंग पूल और बघेरा में एक स्टेडियम का निर्माण भी कराया जा रहा है।
इंडोर कोर्ट की यह खासियतें
0 लागत और क्षेत्रफल: 1 करोड़ 50 लाख की लागत से करीब 13,500 स्क्वायर फीट में इसका निर्माण किया गया है।
0 अंतरराष्ट्रीय मानक: यह कोर्ट अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार किया गया है।
0 अत्याधुनिक सुविधाएँ: इसमें वुडन फ्लोरिंग, उच्च गुणवत्ता वाली एलईडी लाइटिंग और अन्य अंतरराष्ट्रीय मानकों की सुविधाएँ मौजूद हैं।