दुर्ग आबकारी विभाग ने अवैध शराब परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बिना नंबर प्लेट की कार से गोवा प्रांत की विदेशी शराब ले जा रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान 23 पेटी शराब और परिवहन में प्रयुक्त कार को जब्त कर आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

आबकारी विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, कलेक्टर अभिजीत सिंह के निर्देशन एवं प्रभारी सहायक आयुक्त आबकारी क्रिस्टोफर खलखो के मार्गदर्शन में 12 जुलाई को सूचना के आधार पर वृत-भिलाई क्रमांक-2 की टीम ने कार्रवाई की। इस दौरान बैकुंठ धाम के पास फौजी नगर, थाना जामुल निवासी रमा शंकर सिंह उर्फ बाबा को बिना नंबर प्लेट की स्विफ्ट डिजायर कार में गोवा प्रांत की रॉयल गोवा व्हिस्की का परिवहन करते हुए पकड़ा गया।
जांच में वाहन से 23 पेटी पाव शराब, जिसकी कुल मात्रा 198.720 बल्क लीटर बताई गई, बरामद हुई। आबकारी विभाग ने शराब और वाहन को जब्त कर आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2), 36 एवं 59(क) के तहत मामला दर्ज किया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।


प्रकरण की विवेचना सहायक जिला आबकारी अधिकारी सुप्रिया शर्मा कर रही हैं। कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी पंकज कुजूर, आबकारी उपनिरीक्षक भोजराम रत्नाकर, तुलिका नेताम, शशिकांत देशलहरे सहित आबकारी विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम शामिल रही।

